FD पर 8.50% तक ब्याज दे रहे ये बैंक, SBI और HDFC से ज्यादा रिटर्न का मौका
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और सोने की ऊंची कीमतों के बीच फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) आज भी सुरक्षित निवेश विकल्पों में शामिल है। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए FD आकर्षक रहती है, क्योंकि बैंकों की ओर से उन्हें सामान्य ग्राहकों की तुलना में अतिरिक्त ब्याज दिया जाता है। हालांकि, अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 8.50% तक ब्याज दे रहे हैं।
सरकारी बैंकों में FD की ब्याज दरें
सरकारी बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक ऑफ इंडिया की FD पर अधिकतम 7.45% तक ब्याज बताया गया है। वहीं पंजाब एंड सिंध बैंक में 7.35% और बैंक ऑफ बड़ौदा व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 7.25% तक ब्याज मिल रहा है।
इसके अलावा SBI, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए FD पर 7% या उससे अधिक ब्याज उपलब्ध है।
प्राइवेट बैंकों में कौन दे रहा ज्यादा ब्याज?
प्राइवेट बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए FD की दरें सरकारी बैंकों की तुलना में कुछ मामलों में ज्यादा हैं। SBM बैंक अधिकतम 8.15% ब्याज दे रहा है। वहीं DCB बैंक में 8% और बंधन बैंक में 7.95% तक ब्याज मिल रहा है।
इंडसइंड बैंक और यस बैंक में वरिष्ठ नागरिकों को FD पर 7.75% तक ब्याज मिल रहा है।
वहीं HDFC बैंक और ICICI बैंक में अधिकतम 6.95% तक ब्याज बताया गया है, जबकि Axis Bank और Federal Bank में यह दर 7% तक है।
स्मॉल फाइनेंस बैंक दे रहे सबसे ज्यादा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सबसे आकर्षक FD दरें फिलहाल कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंकों में देखने को मिल रही हैं। इनमें Equitas Small Finance Bank, Shivalik Small Finance Bank और Suryoday Small Finance Bank की ओर से FD पर 8.50% तक ब्याज दिया जा रहा है।
इसके अलावा Jana Small Finance Bank में 8.30% और Utkarsh Small Finance Bank में 8.25% तक ब्याज मिल रहा है।
FD कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ ज्यादा ब्याज दर देखकर FD कराने के बजाय बैंक की FD अवधि, समय से पहले निकासी के नियम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त ब्याज, जमा बीमा और लागू शर्तों की भी जांच करनी चाहिए। ब्याज दरें बैंक और FD की अवधि के अनुसार बदल सकती हैं, इसलिए निवेश से पहले संबंधित बैंक की मौजूदा दरों की पुष्टि करना जरूरी है।
नोट: ऊपर दी गई ब्याज दरें वरिष्ठ नागरिकों के लिए बताई गई अधिकतम दरों पर आधारित हैं। वास्तविक दर FD की अवधि और बैंक की मौजूदा शर्तों के अनुसार अलग हो सकती है।

