मुख्यमंत्री जी! मेरे बच्चों के पेपर, कॉपी किताब भी बह गए


सहारनपुर, सीएम साहब मेरे दो बच्चे एक बेटी और एक बेटा इस बार बोर्ड की परीक्षा देंगे। हमारा पूरा घर बाढ़ में डूब गया है। बच्चों की कॉपी-किताब तक पानी में डूबकर बर्बाद हो गई। जो सामान था वह भी खराब हो गया है। बच्चों की पढ़ाई की दिक्कत पैदा हो गई है। सीएम साहब हमारी मदद करें…।

शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ जेवी जैन कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविर में पहुंचे। सीएम ने बाढ़ पीड़ितों से बात की इस दौरान पूजा यादव का दर्द जुबान पर आ गया। पंजाबीबाग के वंशिका विहार कालोनी निवासी पूजा यादव ने सीएम को बताया कि उनकी कालोनी सबसे पहले बाढ़ से प्रभावित हुई।

उनका पूरा मकान बाढ़ के पानी में डूब गया। पूजा यादव ने बताया कि उसके बेटा और बेटी हाईस्कूल में हैं। बाढ़ का पानी तेजी से मकान में घुस गया। जिससे उन्हें सामान तक निकालने का समय नहीं मिला। बाढ़ में उनका पूरा सामान डूब गया। उनके बच्चों की किताब और कॉपी भी बर्बाद हो गई। परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई की समस्या भी पैदा हो गई है। पूजा यादव ने सीएम से मदद की गुहार लगाई। महिला की बात सुनने के बाद सीएम ने तुरंत ही राहत दिलाने का वादा किया और अधिकारियों से कहा कि बच्चों की पढ़ाई के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। उधर गंगा-यमुना में जलस्तर के लगातार बढ़ने से अलीगढ़ में नदी से सटे नौ गांव प्रभावित हुए हैं। यहां फसलें पूरी तरह से डूब चुकी हैं। करीब ढाई हजार बीघा में फैला जंगलक्षेत्र में पानी भर चुका है। इसमें धान, मक्का व बाजरा की फसलें प्रभावित हुई हैं।

यमुना से सटे महाराजगढ़ में स्थिति ज्यादा खराब है। यहां संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने की वजह से वाहन नहीं चल पा रहे हैं।

नाव के जरिए ही आवाजाही की जा रही है। पशुओं को बांधने वाली जगह पर बनी झोपडियां भी पानी में समा चुकी

बागपत में टूटा तटबंध हुआ विकराल

बागपत। यमुना के अलीपुर बांध टूटने के तीस घंटे बाद भी मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है। बांध का कटाव लगातार बढ़ रहा है और बागपत व गाजियाबाद की सीमा में पानी पूरे वेग के साथ प्रवेश कर रहा है। प्रशासन व सिंचाई विभाग की तरफ से कट्टे आदि लगाकर बहाव रोकने के प्रयास अभी तक बेकार साबित हुआ है। वहीं नजदीकी क्षेत्रों में जलभराव के चलते हालात और बदतर होते जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार नोएडा से स्टील पाइल्स व मशीनरी शाम तक आने की उम्मीद थी जिसके बाद अभियान चलाकर कटान को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।

सीएम ने दो परिवारों को सौंपे चार-चार लाख के चेक

सहारनपुर। सीएम ने जेवी जैन कॉलेज में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस मौके पर जनहानि का दंश झेलने वाले दो परिवारों को चार-चार लाख रुपये के अपदा राहत चेक सौंपे। इसके साथ ही 35 परिवारों को राहत सामग्री की किट प्रदान की। जिसमें 10 किलो आटा, चावल, आलू, दो किलो अरहर दाल, एक किलो नमक, हल्दी, मिर्च, धनिया व सब्जी मसाले, एक लीटर रिफाइंड आदि शामिल था।

.