प्राथमिक स्कूल के जर्जर भवन में कोबरा का कुनबा, 10-12 फीट दूर बैठकर पढ़ रहे 90 बच्चे
शिवपुर। ब्लॉक क्षेत्र के नकही प्राथमिक विद्यालय द्वितीय परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय परिसर के जर्जर हिस्से में कोबरा सांपों का बसेरा होने की आशंका है। कुछ दिन पहले एक साथ दो-तीन कोबरा रेंगते हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय परिसर में आए दिन सांप निकलते रहते हैं। एक कोबरा को ग्रामीणों ने मार भी दिया है।
![]() |
| ai picture |
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस जर्जर भवन में सांपों के छिपे होने की आशंका है, उससे महज 10 से 12 फीट की दूरी पर करीब 90 बच्चे बैठकर पढ़ाई करते हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि बच्चे फिलहाल जर्जर भवन की ओर नहीं जा रहे हैं, लेकिन परिसर में जहरीले सांपों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जर्जर भवन के आसपास उगी हैं झाड़ियां
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के जर्जर हिस्से के आसपास झाड़-झंखाड़ उग आया है। करीब 16 वर्ष पहले बनी यह इमारत विद्यालय के उत्तर दिशा में लगभग 10 फीट की दूरी पर स्थित है। खंडहरनुमा तीन कमरों के अलावा जर्जर किचन और शौचालय भी हैं। उपयोग में नहीं आने वाले इन हिस्सों में झाड़ियां और मलबा होने के कारण सांपों को छिपने के लिए सुरक्षित स्थान मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों की ओर से निकलकर कोबरा और अन्य सांप अक्सर विद्यालय परिसर के आसपास पहुंच जाते हैं। अभिभावकों ने जर्जर भवन को हटाने, परिसर की तत्काल सफाई कराने और सांपों के संभावित ठिकानों को सुरक्षित करने की मांग की है।
शिक्षक ने भी सांप निकलने की बात कही
विद्यालय में मौजूद सहायक अध्यापक रविंद्र नाथ ने बताया कि विद्यालय के उत्तर दिशा में स्थित पुरानी बिल्डिंग के आसपास झाड़-झंखाड़ है। गांव में भी कोबरा के आए दिन निकलने की जानकारी मिलती रहती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के लिए ग्राम प्रधान से बातचीत की गई है।
नकही गांव निवासी उदय राज ने भी बताया कि विद्यालय के आसपास सांप अक्सर दिखाई देते हैं।
सफाई कर्मी को बुलाकर कराई जाएगी सफाई
ग्राम प्रधान रमेश मिश्रा ने बताया कि स्कूल में सांप निकलने की सूचना उन्हें मिली है। सफाई कर्मी को बुलाकर विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कराई जाएगी।
वहीं खंड शिक्षाधिकारी शिवपुर राम तिलक वर्मा ने बताया कि स्कूल में सांप देखे जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन उपयोग में नहीं है और उसे जर्जर घोषित करने के लिए विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है तथा स्कूल परिसर की साफ-सफाई भी कराई जा रही है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अब जर्जर भवन और उसके आसपास के क्षेत्र की तत्काल सफाई तथा सांपों के संभावित ठिकानों को सुरक्षित करना जरूरी माना जा रहा है।

