21 August 2026

प्राथमिक विद्यालय में मिलीं शराब की बोतलें प्रधानाध्यापक निलंबित

 बस्ती के स्कूल में मिलीं शराब की बोतलें प्रिंसिपल निलंबित


बस्ती। विक्रमजोत ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सरनामगंज के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। गुरुवार को जारी आदेश में उन पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। विद्यालय एवं चहारदीवारी के बीच शराब की बोतल, बीयर केन मिला है। साथ ही विद्यालय परिसर में मादक द्रव्य के प्रयोग का भी आरोप लगा है। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित कुमार गौतम को निलंबित कर जांच बैठा दी है। बीएसए कार्यालय के अनुसार बीईओ परसरामपुर ने 19 अगस्त को विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित गौतम आठ अगस्त से अनुपस्थित हैं।



वह एफएलएन के प्रशिक्षण में भी अनुपस्थित रहे। बीईओ ने एमडीएम पंजिका देखी। पता चला कि छह अगस्त से 16 अगस्त तक एमडीएम बाधित रहा है। एमडीएम पंजिका में छात्र संख्या 83 के सापेक्ष 55-70 के मध्य भरा हुआ पाया गया। उपस्थिति 32 मिली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय स्टाफ ने मौखिक रूप से यह भी बताया कि एक सप्ताह पूर्व 5-6 बोरी खाद्यान्न बेचा गया। विद्यालय एवं चहारदीवारी के बीच शराब की बोतल, केन, पाउच एवं पानी की बोतलें पाईं गईं। विद्यालय में रंगाई-पुताई एवं साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत खराब मिली।


एमडीएम में तहरी बनी थी, लेकिन दूध नहीं बांटा गया था। स्टाफ ने बताया कि फल एवं दूध कभी वितरित नहीं किया जाता है। शिक्षक डायरी का प्रयोग भी प्रभारी प्रधानाध्यापक नहीं करते हैं। निरीक्षण पंजिका/फीड बैक पंजिका, स्टाक पंजिका, टेबलेट आलमारी में बंद मिली। बीएसए ने बताया कि बीईओ की आख्या और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित कुमार गौतम को निलम्बित कर प्राथमिक विद्यालय मलौली गोसाई, विक्रमजोत में सम्बद्ध किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी गौर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।