21 August 2026

शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन, पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग

 

शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन, पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रतियोगियों ने शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को संबोधित ज्ञापन संयुक्त निदेशक (वित्त) महेंद्र कुमार सिंह को सौंपा गया।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि तीन अगस्त को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के निर्देश पर हुई वार्ता के क्रम में 11 अगस्त को मुख्यमंत्री समेत शिक्षा विभाग के प्रमुख अधिकारियों को पत्र भेजकर पुरानी नियमावली से भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग की गई थी। इस क्रम में अब 21 अगस्त को प्रस्तावित शासन स्तर की बैठक में अभ्यर्थियों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।


प्रतियोगियों ने आरोप लगाया कि 16 सितंबर 2025 को जारी शासनादेश में नियमों में बदलाव से सात लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हो रहे हैं। नई नियमावली में कई अतिरिक्त शैक्षिक अर्हताएं जोड़े जाने से लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के अवसर सीमित हो गए हैं।

मंच का कहना है कि पुरानी नियमावली में इन अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलता था। यदि 21 अगस्त की बैठक में पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी करने का निर्णय नहीं लिया गया तो युवा मंच बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगा।

ज्ञापन में बीएड की अनिवार्यता, हिंदी, कला एवं प्राविधिक कला, संगीत, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी समेत विभिन्न विषयों की अर्हताओं में बदलाव का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतियोगियों का कहना है कि नई व्यवस्था से उनके साथ अन्याय होगा।

प्रदर्शन में एलके चौधरी, ब्रजेश सिंह, प्रशांत, प्रमोद, अमित, राकेश, रमेश, दीपक, सरिता आदि मौजूद रहे।