21 August 2026

दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के लिए एक सितंबर से खुलेगा पोर्टल, 3.16 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

 

दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के लिए एक सितंबर से खुलेगा पोर्टल, 3.16 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

लखनऊ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित पात्र छात्र-छात्राओं को एक और मौका मिलेगा। समाज कल्याण विभाग एक सितंबर 2026 से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलेगा। इसके माध्यम से पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग समेत सभी पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए भुगतान की प्रक्रिया 29 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

तकनीकी कारणों से 3.16 लाख छात्र रहे वंचित

वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से कुल 3,16,057 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे। इनमें शासकीय संस्थानों के 31,836, शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 और निजी संस्थानों के 2,46,426 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

वंचित छात्रों में सबसे बड़ी संख्या निजी संस्थानों के विद्यार्थियों की है। छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खुलने से इन विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने और योजना का लाभ पाने का अवसर मिलेगा।

सभी पात्र छात्रों को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई धन या तकनीकी बाधाओं के कारण प्रभावित नहीं होगी।

विभाग की ओर से पोर्टल दोबारा खोलकर वंचित पात्र विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर दिए जाने की तैयारी की जा रही है।