21 August 2026

जेन अल्फा ने परिषदीय विद्यालय में ताला जड़ा

 

कन्नौज, । हमीरपुर और उन्नाव के बाद अब कन्नौज में जेन अल्फा और जेन जी का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर मेंबच्चों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर गेट पर ताला जड़ दिया।



यही नहीं प्रधानाध्यापक की कार को गेट पर रोक दिया और उन्हें स्कूल तक में भी नहीं जाने दिया। वहीं तिर्वा के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर में स्कूली बच्चों ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक राकेंद्र सक्सेना पर भेदभाव, जातिगत टिप्पणियां और स्कूल में झाड़ू-पोंछा कराने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। स्कूली बच्चे और उनके साथ मौजूद अभिभावक जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। करीब ढाई घंटे बाद आखिरकार मौके पर पहुंचे बीएसए संदीप कुमार ने जांच का भरोसा देकर स्कूली बच्चों और अभिभावकों को शांत कराया। इसके बाद शिक्षण कार्य शुरू हो सका। इस दौरान कुछ अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक को हटाने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा।


बच्चों को अच्छे दिन की उम्मीद : मायावती­

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने जेन-जी और अल्फा के पक्ष में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला है। मायावती ने एक्स पर लिखा कि जेन-अल्फा अर्थात वर्ष 2013 के बाद जन्मे बच्चे-बच्चियों को भी ‘अच्छे दिन’ की उम्मीद है। अभिभावक अच्छी शिक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं।