21 August 2026

सड़क किनारे मिला प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का शव

Kannauj: सड़क किनारे मिला प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का शव, परिजनों ने लगाया धोखाधड़ी कर वेतन और लाखों रुपये हड़पने का आरोप

कन्नौज। सौरिख कस्बे में शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का शव सड़क किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर शिक्षक को नशे का आदी बनाकर धोखे से हस्ताक्षर कराने, लाखों रुपये का लोन कराने और वेतन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल में अचानक बिगड़ी थी तबीयत

इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के फतेहपुर रामपुर गांव निवासी रोहित कुमार (46) पुत्र गेंदालाल विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पट्टी में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को विद्यालय में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े।

प्रधानाध्यापक यशवंत कुमार ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। उपचार के बाद अस्पताल पहुंचे एक युवक के साथ रोहित वहां से चले गए।

सड़क किनारे अचेत मिले शिक्षक

शनिवार सुबह कस्बा स्थित ऋषि भूमि इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों ने रोहित को सड़क किनारे बैठे देखा। कुछ देर बाद वह वहीं अचेत अवस्था में पड़े मिले। कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षकों और राहगीरों की नजर जब शिक्षक पर पड़ी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक की पत्नी सरोज देवी का आरोप है कि कुछ लोगों ने रोहित को शराब का आदी बना दिया था। इसके बाद उनकी नशे की हालत का फायदा उठाकर कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए।

परिजनों के मुताबिक, इन्हीं दस्तावेजों के माध्यम से लाखों रुपये का लोन कराया गया और रकम कथित तौर पर हड़प ली गई। साथ ही शिक्षक का वेतन भी अपने कब्जे में लेने का आरोप लगाया गया है।

पत्नी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी बेटी के साथ गुरसहायगंज स्थित मायके में अपनी मां ईश्वर देवी के पास रह रही थीं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस शिक्षक की मौत के कारणों समेत परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

नोट: परिजनों द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी, लोन और वेतन हड़पने के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।