21 August 2026

शिक्षा चौपाल में अभिभावकों को बताएंगे निपुण लक्ष्य, टीएलएम मेले का भी होगा आयोजन

 

शिक्षा चौपाल में अभिभावकों को बताएंगे निपुण लक्ष्य, टीएलएम मेले का भी होगा आयोजन

लखनऊ। परिषदीय स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को बच्चों के साथ अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए शिक्षा चौपाल और टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) मेले का आयोजन किया जाएगा।


शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाली शिक्षा चौपाल न्याय पंचायत स्तर पर होगी। इसके माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, सीखने की प्रगति और निपुण लक्ष्य के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

हर न्याय पंचायत को 10 हजार रुपये

शिक्षा चौपाल के आयोजन के लिए प्रति न्याय पंचायत 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं टीएलएम मेले के लिए प्रति ब्लॉक 25 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

दोनों आयोजनों के लिए प्रदेश के जिलों को 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। शिक्षा चौपाल का आयोजन न्याय पंचायत स्तर पर किया जाएगा, जबकि टीएलएम मेले के माध्यम से शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए शिक्षण-अधिगम सामग्री (Teaching Learning Material) को प्रदर्शित किया जाएगा।

निपुण भारत मिशन के लक्ष्य पर रहेगा जोर

शिक्षा चौपाल का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शैक्षिक प्रगति से जोड़ना और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के प्रति जागरूक करना है। इससे अभिभावकों को यह समझने में मदद मिलेगी कि बच्चों को निर्धारित कक्षा स्तर के अनुरूप सीखने में किस प्रकार सहयोग दिया जा सकता है।

वहीं टीएलएम मेले में शिक्षकों द्वारा तैयार की गई उपयोगी और नवाचारी शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि बच्चों को विषयों को आसानी से समझाने के लिए प्रभावी शिक्षण विधियों को बढ़ावा मिल सके।