21 August 2026

मेधावी से 10% कम अंक वाली दिव्यांग को भी स्कूटी

 लखनऊ। यूपी में रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना के तहत स्नातक पास टॉप पांच प्रतिशत मेधावी बेटियों को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। सामान्य छात्राओं की मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक पाने वाली दिव्यांग, शहीद सैनिक परिवार व निराश्रित बेटियों को भी स्कूटी दी जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग से इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उच्च शिक्षा में छात्राओं के ड्रापआउट रेट को कम करने के लिए रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना लागू की जा रही है। 400 करोड़ रुपये का बजट इसके लिए पहले ही जारी किया जा चुका है। सामान्य मेधावी छात्राओं के साथ-साथ दिव्यांग, शहीद सैनिक परिवार व निराश्रित बेटियों को भी इसमें शामिल किया गया है।



उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार शहीद परिवार में सेनाओं, अर्द्धसैनिक बल में कमीशन ऑफीसर, सैनिक जो शहीद हुए हैं, उनके परिवार की बेटियां शामिल होंगी। शहीद सैनिक के अविवाहित होने पर मां, अविवाहित बहन आश्रित होंगी। प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल के आदेश के अनुसार दिव्यांग बेटियों में मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पालिसी, हीमोफिलिया आदि से ग्रस्त हो लेकिन कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो।