08 September 2026

आंगनबाड़ियों और सहायिकाओं का बढ़ा मानदेय, योगी ने दिए 3 तोहफे, जानिए किस माह से मिलेगा बढ़ा मानदेय

 अयोध्या पहुंचे सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की दो लाख 51 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के लिए खजाना खोल दिया। सीएम योगी ने तीन तोहफ हैं। आंगनबाड़ियों का मानदेय 8 हजार से बढ़कर 12000 रुपए कर दिया है। इसके साथ ही सहायिकाओं का मानदेय अब 6000 कर दिया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं को हर साल 5 लाख का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा लाभ दिया जाएगा। इस साथ ही एक एडिशनल साड़ी के लिए 500 की धनराशि जारी की है।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के जीआईसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। वहीं आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की।


 मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के योगदान को लगातार सम्मान देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में उनकी सरकार आई थी, उस समय आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को मात्र 3 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। सरकार ने इसे बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया। इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय 1500 रुपये से बढ़ाकर 4 हजार रुपये किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गांव-गांव जाकर लोगों की सेवा की और कोरोना के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



 हर साल पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा

योगी ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए हर वर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की भी घोषणा की। इस योजना का लाभ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उनके परिवार को मिलेगा। इससे गंभीर बीमारी या इलाज की जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।


सहायिकाओं को अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की दो लाख 51 हजार से अधिक आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए अतिरिक्त साड़ी की व्यवस्था भी की। इसके लिए 500 रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। कार्यक्रम के दौरान करीब 29 करोड़ रुपये की धनराशि खातों में हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले साड़ी की व्यवस्था थी, अब उसमें एक अतिरिक्त साड़ी जोड़ी गई है।



अक्तूबर में मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का बढ़ा मानदेय सितंबर से ही जोड़ दिया जाएगा जो कि अक्तूबर में मिलने वाले मानदेय के साथ मिलेगा। अक्तूबर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 12 हजार रुपये मासिक मानदेय और सहायिकाओं को 6 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलने लगेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मंगलवार को मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा किए जाने के बाद बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया।