गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, सफल शैक्षणिक प्रयोगों एवं उत्कृष्ट शिक्षण विधियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘उद्गम’ पोर्टल का संचालन किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद में अधिक से अधिक शिक्षकों का पंजीकरण और सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
पंजीकरण एवं प्रचार-प्रसार
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, अकादमिक रिसोर्स पर्सन, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षक कक्षा-कक्ष में किए जा रहे नवाचार, शिक्षण-अधिगम सामग्री, अभिनव प्रयोग एवं बेस्ट प्रैक्टिसेज का निर्धारित प्रारूप में राइट-अप पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
शिक्षकों का मार्गदर्शन
खंड शिक्षा अधिकारी और एआरपी अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षकों को पंजीकरण कराने तथा नवाचार अपलोड करने के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शित करेंगे। वहीं एससीईआरटी, लखनऊ की ओर से पोर्टल के सुचारू संचालन एवं मार्गदर्शन के लिए 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें नामित नोडल प्रवक्ता प्रतिभाग करेंगे।
शिक्षकों की रचनात्मकता का प्रोत्साहन
बीएसए ने कहा कि ‘उद्गम’ पोर्टल शिक्षकों की रचनात्मकता और विद्यालय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों को व्यापक मंच प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। जनपद के शिक्षक अपने अभिनव प्रयासों को पोर्टल पर साझा करें, ताकि गाजीपुर की शैक्षणिक उपलब्धियों और नवाचारों को राज्य स्तर पर पहचान मिल सके।

