14 August 2026

मैट्रिमोनियल साइट पर बना ‘दूल्हा’ निकला ठग! 25 शादियां कर 46 लाख की ठगी का आरोप, शिक्षिका ने दर्ज कराई FIR

 

मैट्रिमोनियल साइट से शादी कर 46 लाख रुपये ठगे, आरोपी कर चुका है 25 विवाह

प्रयागराज। झूंसी निवासी एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका ने अपने पति और उसके परिवार पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार आरोपी अब तक करीब 25 महिलाओं से शादी कर चुका है और इसी तरह धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठता रहा है।


पीड़िता के मुताबिक उसकी मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट के जरिए आरोपी अजय सिंह उर्फ अनुज त्रिवेदी से हुई थी। आरोपी ने खुद को रियल एस्टेट कारोबारी बताया था। वर्ष 2017 में अखबार में प्रकाशित एक विज्ञापन के जरिए दोनों का संपर्क हुआ। इसके बाद दोनों की शादी कानपुर के एक मंदिर में हुई।

शादी के बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी ने उसके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह शादी की है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने कारोबारी घाटा बताकर पीड़िता से करीब 11 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान गोरखपुर स्थित पीड़िता की जमीन भी बिकवा दी गई। जमीन बेचने से करीब 35 लाख रुपये मिले थे।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पत्नी से बातचीत भी बंद कर दी। पीड़िता को शक होने पर उसने अपने स्तर से जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान वर्ष 2023 में मुंबई पुलिस ने एक महिला की शिकायत के संबंध में आरोपी के बारे में पूछताछ की। वर्ष 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने भी पीड़िता से संपर्क किया।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने अन्य महिलाओं से भी शादी कर लाखों रुपये की ठगी की है। आरोप है कि इस पूरे मामले में आरोपी का बेटा अविकल उर्फ प्रखर त्रिवेदी भी शामिल है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। झूंसी पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।