14 August 2026

जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, प्रधानाध्यापक निलंबित

 


कानपुर देहात। चकचालपुर संविलियन विद्यालय की व्यवस्थाओं और प्रधानाध्यापक की कार्यप्रणाली को लेकर अभिभावकों की शिकायत के बाद हुई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापक अंजू देवी को निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया है।


विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक मयंक, रेशमा देवी, सुनील, रोशनी देवी और प्रीती देवी ने मई 2026 में जिलाधिकारी से शिकायत कर विद्यालय में विभिन्न स्तर पर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी विनय उत्तम, खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर कांत मिश्रा और बाल विकास परियोजना अधिकारी अमरौधा सुनीता कटियार की संयुक्त जांच टीम गठित की गई।


जांच में सामने आए कई गंभीर मामले


जांच टीम की रिपोर्ट के अनुसार प्रधानाध्यापक की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर बिंदु सामने आए। समय से स्पष्टीकरण उपलब्ध न कराने, एसएमसी प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने तथा विभिन्न मदों में प्राप्त धनराशि के उपयोग में अनियमितता पाए जाने का उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है। विद्यालय की चहारदीवारी स्वयं तोड़े जाने के संबंध में भी जांच रिपोर्ट में आरोप स्वीकार किए जाने का उल्लेख है।


इसके अलावा जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और विद्यालय के शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी जांच में सही पाए गए।


जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई


जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में उन्हें बीआरसी से संबद्ध किया गया है और कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।


बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने प्रधानाध्यापक के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम से जांच कराई गई थी। जांच में प्रधानाध्यापक दोषी पाए गए, जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया है।