14 August 2026

इंस्पायर अवार्ड के लिए 15 सितंबर तक आवेदन का मौका


वैज्ञानिक सोच और नवाचार के लिए विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक सहायता

संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़। इंस्पायर मानक योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 15 सितंबर तक आवेदन करने का मौका विद्यार्थियों को दिया गया है। डीआईओएस ने माध्यमिक राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को समय से ऑनलाइन आवेदन कराने का निर्देश दिया है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना से वंचित न होने पाए।


डीआईओएस ने बताया कि यह योजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से संचालित है। कक्षा छठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योजना चलाई जा रही है।

चयनित विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट और मॉडल के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अधिकारियों ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन आवेदन कराने का निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।