जलालाबाद (कन्नौज)। जवाहर नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज 10वीं से 12वीं तक के 95 छात्रों ने बृहस्पतिवार को हॉस्टल में खुद को बंद कर लिया और भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारे लगाने पर नाराज होने का आरोप लगाया।
छात्रों के भूख हड़ताल करने की जानकारी पर एसडीएम सदर, डीआईओएस, सीओ सिटी विद्यालय पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानाचार्य को हटाने और अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए डीएम से बात करने पर अड़े रहे।
अन्यगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह से लेकर 12वीं तक 550 छात्र अध्ययनरत हैं। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बने हुए हैं। शुक्रवार सुबह 10वीं से 12वीं तक के छात्रों ने नाश्ता लेने से इनकार कर दिया और 95 छात्र एकत्र होकर हॉस्टल बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी।
छात्रों के भूख हड़ताल करने की जानकारी पर डिप्टी प्रशासन मौके पर पहुंचे और डीआईओएस पप्पू सरोज, एडीएम वैभव गुप्ता, सीओ सिटी शिल्पा वर्मा विद्यालय पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक छात्रों से बात की। इसके बाद छात्रों ने बताया कि भोजन में कच्चे चावल दिए जाते हैं। साथ ही बुधवार को भोजन कम पड़ गया था, जिस कारण कई छात्रों को भोजन नहीं मिला।
इसके अलावा प्रधानाचार्य पर आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारे लगाने पर प्रधानाचार्य नाराज हो गए। देर शाम डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एडीएम देवेंद्र सिंह नवोदय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात की और उनकी मांगों की ध्यान से सुना। डीएम ने आश्वासन दिया कि प्रधानाचार्य का तबादला करने के लिए नवोदय विद्यालय समिति को पत्र लिखा जाएगा। संवाद

