सीतापुर, । समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सरकारी आवासीय विद्यालय में कक्षा छह के 11 वर्षीय छात्र के साथ कक्षा आठ के पांच छात्रों पर सामूहिक यौन हिंसा करने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्चा इतना भयभीत हो गया कि उसने घर फोन कर पिता से कहा कि वह अब विद्यालय में नहीं रहना चाहता, उसे वहां से ले जाएं। घर पहुंचे पिता को रोते हुए बच्चे ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
संदना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार ने अप्रैल 2026 में अपने 11 वर्षीय बेटे का सदरपुर स्थित सरकारी आवासीय विद्यालय में प्रवेश कराया था। 13 अप्रैल से बच्चा विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि आवासीय विद्यालय में रहकर बेटा सुरक्षित माहौल में पढ़ाई करेगा। मगर 11 अगस्त को अचानक बच्चे का फोन आया। उसने पिता से कहा कि वह विद्यालय में नहीं रहना चाहता और उसे तत्काल घर ले जाएं।
बच्चा बेहद डरा है और उसकी मनोदशा खराब: बेटे की आवाज में डर और घबराहट सुनकर पिता अगले दिन 12 अगस्त को विद्यालय पहुंचे। पिता के पहुंचते ही बच्चा रोने लगा। उसने आरोप लगाया कि कक्षा आठ के पांच छात्रों ने उसके साथ जबरन गलत काम किया। बेटे की हालत देखकर पिता के होश उड़ गए। उनका कहना है कि घटना के बाद से बच्चा बेहद डरा है और उसकी मनोदशा खराब है। जो परिवार की चिंता का विषय है।

