प्रयागराज, यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण कार्य में डीआईओएस लापरवाही बरत रहे हैं।
केंद्र निर्धारण नीति के अनुसार विद्यालयों की अवस्थापना संबंधी भौतिक संसाधन युक्त विविध सुविधाओं और आधारभूत सूचनाओं को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को 20 जुलाई तक अपलोड करना था। इन सूचनाओं का भौतिक सत्यापन डीएम की ओर से गठित तहसील स्तरीय समिति के माध्यम से तीन अगस्त तक कराना था जिसे डीआईओएस को दस अगस्त तक अपलोड करना था।
हालांकि 13 अगस्त तक यूपी बोर्ड से जुड़े 29182 स्कूलों में से 28535 ने ही सूचनाएं अपलोड की हैं। 647 स्कूलों की सूचनाएं डीआईओएस ने नहीं भेजी है। अब यूपी बोर्ड की ओर से 17 अगस्त तक ऑनलाइन माध्यम से चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
डीआईओएस ये सूची अपने पोर्टल पर 18 अगस्त तक जारी करते हुए छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक से 22 अगस्त तक आपत्तियां आमंत्रित करेंगे। इन आपत्तियों के निस्तारण करते हुए जनपदीय समिति से अनुमोदित आख्या एक सितंबर तक यूपी बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करेंगे।
कक्षा नौ और 11 के पंजीकरण में संशोधन का दिया मौका
प्रयागराज। यूपी बोर्ड के स्कूलों में कक्षा नौ और 11 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के पोर्टल पर ऑनलाइन अग्रिम पंजीकरण में संशोधन का मौका दे दिया गया है। पहले बोर्ड ने नोटिस जारी की थी विद्यार्थियों के फोटो और हस्ताक्षर एक बार अपलोड करने के बाद संशोधन का मौका नहीं दिया जाएगा। हालांकि स्कूलों से शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को बोर्ड ने संशोधन की छूट दे दी। बोर्ड ने स्कूलों 20 अगस्त तक हस्ताक्षर सहित फोटोग्राफ अपलोड करने का मौका दिया है।

