14 August 2026

उच्च शिक्षा मंत्री बोले, जंतर-मंतर पर जरूरी था पैलेट गन का उपयोग

झांसी। संसद में अभी तक केंद्र सरकार ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन के उपयोग को भले स्वीकार नहीं किया है, लेकिन प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस कदम को सही बताया है।

गुरुवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल होने पहुंचे उपाध्याय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा- “जंतर-मंतर पर पैलेट गन का उपयोग जायज था। प्रदर्शन में जब देशद्रोही शामिल हो गए थे, जिन्होंने भारत की भावनाओं और महापुरुषों को गाली दी, तो पैलेट गन किस लिए दी गई है? प्रधानमंत्री को लेकर अमर्यादित शब्दों का उपयोग किया, तब क्या करना चाहिए था? हिंसा के खिलाफ हर कदम को मैं जायज मानता हूं।”

छात्रों के आंदोलन पर मंत्री ने कहा कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश में जब योगी सत्ता में आए, तो पेपर लीक होना न के बराबर हो गया। उसके पहले पेपर लीक की पूरी श्रृंखला चलती थी।