जापानी कंपनी स्काईड्राइव भारत में लगाएगी फैक्ट्री
नई दिल्ली। जापानी कंपनी स्काईड्राइव 2028 तक भारत और जापान में अपनी इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेकऑफ एंड लैंडिंग (ईवीटीओएल) विमान सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ तोमोहीरो फुकुजावा ने बताया कि शुरुआत में इसका इस्तेमाल चिकित्सा सेवाओं और हवाई परिवहन में किया जाएगा।
कंपनी ने एयर इंडिया और सुजुकी के साथ भारत में ईवीटीओएल के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने के लिए समझौता किया है। स्काईड्राइव ने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 300 से अधिक परीक्षण उड़ानें पूरी कर ली हैं और फिलहाल प्रमाणन की प्रक्रिया चल रही है।
फुकुजावा के अनुसार, शुरुआती उत्पादन जापान में होगा, लेकिन भविष्य में भारत में भी कारखाना लगाने की योजना है। भारत में निर्माण से घरेलू मांग पूरी करने के साथ मध्य-पूर्व और अफ्रीका के बाजारों में निर्यात की संभावना भी कंपनी देख रही है।
कंपनी को अब तक करीब 450 प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं, जिनमें लगभग 50 भारत से हैं।

