25 August 2026

सहायक अध्यापकों की भर्ती से पहले अर्हता संशोधन को मंत्री की मंजूरी का इंतजार



प्रयागराज, । प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक और संबद्ध प्राइमरी में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए अर्हता संशोधन को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी की मंजूरी का इंतजार है।



प्रधानाचार्य के 1475 और प्रधानाध्यापक के 1172 पदों पर भर्ती से पहले अर्हता संशोधन के लिए प्रस्ताव शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से 13 अगस्त को शासन को भेजा गया है। इसी प्रकार अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध प्राइमरी अनुभाग में शिक्षकों के 897 रिक्त पदों पर चयन से पहले अर्हता संशोधन के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने 18 अगस्त को प्रस्ताव शासन को भेजा है। दोनों प्रस्ताव पर अनुमोदन के लिए पत्रावली मंत्री को भेजी गई है। मंत्री के अनुमोदन के बाद विज्ञापन जारी होगा। प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) की शैक्षिक अर्हता के संबंध में संशोधन के लिए प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा निदेशक से मांगा गया है। वहीं प्रवक्ता (पीजीटी) पद की अर्हता के संबंध में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।