TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
नसीराबाद। TET उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति ने शिक्षामित्रों की विभिन्न मांगों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। समिति ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग की है।
समिति के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार और उपाध्यक्ष जयकरन ने सलेम विधायक अशोक कुमार के माध्यम से भेजे ज्ञापन में बताया कि प्रदेश में करीब 50 हजार शिक्षामित्र हैं। इनमें अधिकांश शिक्षामित्र बीटीसी/डीएलएड और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET व CTET) उत्तीर्ण हैं।
समिति का कहना है कि ये शिक्षामित्र NCTE मानकों के अनुसार शिक्षक बनने की योग्यता रखते हैं, इसलिए उन्हें नियमित शिक्षक बनाने की मांग की गई है।
भर्ती में 50 फीसदी सीटों पर आरक्षण की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षक भर्ती में TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों के लिए 50 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण दिया जाए, ताकि उन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सके।
इसके साथ ही समिति ने नॉन-TET शिक्षामित्रों को उनके कार्यानुभव के आधार पर 12 माह का मानदेय दिए जाने की मांग भी रखी है।
समिति ने सरकार से शिक्षामित्रों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत देने की मांग की है।

