IIT के पूर्व छात्र ने गंगवाल स्कूल को दिए 300 करोड़ रुपये, कुल योगदान 400 करोड़
कानपुर। IIT कानपुर परिसर स्थित गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी को बड़ी आर्थिक मजबूती मिली है। भारतीय-अमेरिकी अरबपति कारोबारी और भारत की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो के सह-संस्थापक एवं IIT के पूर्व छात्र राकेश गंगवाल ने संस्थान को 300 करोड़ रुपये का दान देने की घोषणा की है।
राकेश गंगवाल इससे पहले भी संस्थान को 100 करोड़ रुपये का सहयोग दे चुके हैं। नए 300 करोड़ रुपये के योगदान के साथ उनका कुल योगदान 400 करोड़ रुपये हो जाएगा।
500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
गंगवाल स्कूल के विकास की योजना में IIT कानपुर परिसर में 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और प्रस्तावित 200 बेड का कैंसर केयर एवं रिसर्च सेंटर शामिल है।
इन संस्थानों के माध्यम से मेडिकल शिक्षा, क्लिनिकल रिसर्च और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आम लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज में भी इससे मदद मिलने की बात कही गई है।
1975 में IIT से की थी पढ़ाई
राकेश गंगवाल ने वर्ष 1975 में IIT से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और चिकित्सा क्षेत्र में शोध एवं नवाचार की संभावनाओं को देखते हुए IIT कानपुर ने वर्ष 2021 में मेडिकल स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया था।
वर्ष 2022 में गंगवाल ने 100 करोड़ रुपये का सहयोग दिया था। अब नए सहयोग से स्कूल के विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।
मेडिकल शिक्षा और रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा
IIT कानपुर के अनुसार गंगवाल स्कूल का उद्देश्य पूर्व छात्रों, समाजसेवियों और अन्य शुभचिंतकों को मेडिकल शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान के लिए प्रोत्साहित करना है।
गंगवाल ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी और अपनी तरह की पहली मेडिकल संस्था का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है। स्कूल का लक्ष्य उन्नत मेडिकल शिक्षा, बहुविषयक शोध, भविष्य की चिकित्सा और मेडटेक नवाचार को बढ़ावा देना है।

