25 August 2026

स्कूलों में जागरूकता अभियान: बच्चों ने ली शपथ, नदी-तालाब के पास अकेले नहीं जाएंगे

 

स्कूलों में जागरूकता अभियान: बच्चों ने ली शपथ, नदी-तालाब के पास अकेले नहीं जाएंगे

श्रावस्ती। जिले में पानी में डूबने की घटनाओं और बारिश के दौरान तालाब, पोखरों व नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में जागरूकता सप्ताह मनाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को जल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

सोमवार को विद्यालयों में आयोजित प्रार्थना सभाओं में शिक्षकों ने बच्चों को नदी, तालाब और पोखरों के पास अकेले न जाने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नदी और तालाब के पास अकेले नहीं जाने की शपथ भी ली।


डूबने से होने वाली मौतों को रोकने पर जोर

जिलाधिकारी ने बताया कि नदी, तालाब और पोखरों में डूबने से सबसे अधिक मौतें होती हैं, जबकि मृतकों में बच्चों की संख्या भी अधिक होती है। बच्चों को कम हाइट, वजन और अनुभवहीनता के कारण पानी में डूबने का खतरा अधिक रहता है।

इसी को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सभी विद्यालयों में बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को शपथ दिलाकर उन्हें इस आपदा से बचाव के लिए मानसिक रूप से तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

गांवों में भी चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

आपदा से बचाव के लिए गांवों और स्कूलों के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाने की तैयारी है। जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बच्चों को यह समझाया जा रहा है कि यदि किसी डूबते व्यक्ति को देखें तो खुद पानी में उतरकर बचाने का प्रयास न करें, बल्कि किसी बड़े व्यक्ति की मदद लें।

उन्होंने कहा कि डूबने की घटनाओं में होने वाली मौतों को सामूहिक प्रयास और जागरूकता के जरिए काफी हद तक रोका जा सकता है।

राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रमों की भी तैयारी

इसी बीच राजकीय नीलम इंटर कॉलेज में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।