बैंक कर्मचारियों की हड़ताल 11 को
नई दिल्ली। लंबित मांगों को लेकर बैंक यूनियन अब आंदोलन को तेज करने की तैयारी में है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने बैंकों के अंदर पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था को लागू करने और लाभ आधारित प्रोत्साहन योजना को वापस लेने जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियनों ने 11, 28, 29 व 30 सितंबर को अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया है। इसके बाद भी अगर मांगें नहीं मानी जाती हैं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का भी ऐलान किया है। बैंक यूनियनों का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर पहले ही सहमति बन चुकी है।
आठ मार्च 2024 को बैंकिंग से जुड़े कार्य दिवसों को पांच दिन करने पर सहमति बनी थी। इसके तहत रोजाना काम के समय में 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। यह प्रस्ताव सरकार को भी भेजा जा चुका है, लेकिन दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सरकार ने स्वीकृति नहीं दी है।

