25 August 2026

राष्ट्रपति मुर्मु 21 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगी, दो चरणों में हुआ चयन

 

राष्ट्रपति मुर्मु 21 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगी

नई दिल्ली,। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देंगी।


इस वर्ष पुरस्कार के लिए केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों से 12, राज्य विश्वविद्यालयों से 5 और पॉलिटेक्निक संस्थानों से 4 शिक्षक चुने गए हैं। राज्य विश्वविद्यालयों के पांच पुरस्कार विजेताओं में तीन सरकारी और दो निजी संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं। वहीं पॉलिटेक्निक श्रेणी में दो सरकारी और दो निजी संस्थानों के शिक्षक चुने गए हैं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित किए गए थे।


नामांकन प्रक्रिया 26 मई से 20 जुलाई 2026 तक चली। पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन शिक्षण-अधिगम की प्रभावशीलता, सामाजिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों, शोध एवं नवाचार, प्रायोजित शोध, संकाय विकास कार्यक्रम तथा परामर्श और शिक्षण जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया।


दो चरणों में हुआ चयन

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की गई। पहले चरण में प्रारंभिक समिति ने नामांकनों का मूल्यांकन कर उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची तैयार की। इसके बाद जूरी समिति ने सूचीबद्ध उम्मीदवारों में से अंतिम पुरस्कार विजेताओं का चयन किया। 2023 में उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की दो श्रेणियां शुरू की गई थीं।