25 August 2026

पीएमश्री विद्यालयों में अखबार से सुधरेगी छात्रों की भाषा शैली, हर स्कूल को ₹5000 का बजट

पीएमश्री विद्यालयों में अखबार से सुधरेगी छात्रों की भाषा शैली, हर स्कूल को ₹5000 का बजट

लखनऊ। प्रदेश के 1565 पीएमश्री विद्यालयों में छात्रों की भाषा-शैली में सुधार, व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने, व्यक्तित्व विकास और आलोचनात्मक सोच विकसित करने के लिए अब अखबार और मैगजीन उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को ₹5000 का बजट स्वीकृत किया गया है।

विभाग का कहना है कि अखबारों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही छात्रों के संज्ञानात्मक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को मजबूत करने में भी इनका उपयोग किया जाएगा।

स्क्रीन टाइम कम करने पर जोर

अखबार एवं पत्रिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को समसामयिक घटनाओं, सामाजिक विषयों तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की जानकारी दी जाएगी। इसका प्रमुख उद्देश्य छात्रों का स्क्रीन टाइम कम करना और उनमें पढ़ने की आदत विकसित करना है।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी बीएसए को पत्र भेजकर अखबार और मैगजीन खरीदने के लिए स्वीकृत बजट का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यालय को 10 महीने के लिए ₹5000 का बजट दिया गया है।

हर दिन विद्यालयों में दो अखबार तथा छात्रों की आयु के अनुरूप मनोरंजक और बाल मनोविज्ञान पर आधारित पत्रिकाएं/मैगजीन खरीदी जाएंगी। इससे बच्चों को पढ़ने और समझने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

पुस्तकालयों के लिए फर्नीचर भी खरीदा जाएगा

पीएमश्री विद्यालयों के साथ प्रदेश के चयनित परिषदीय, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर भी खरीदा जाएगा। इसका उद्देश्य अखबार, मैगजीन और पुस्तकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रखने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

लाइब्रेरी फर्नीचर की खरीद के लिए प्रति विद्यालय ₹20,000 की दर से कुल ₹3.91 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है।

विभाग के अनुसार अखबार और पत्रिकाओं के नियमित पठन से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल और समसामयिक विषयों की समझ में सुधार होगा। साथ ही उनमें पढ़ने की रुचि और आलोचनात्मक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।