हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

13 February 2022

बीईओ के निरीक्षण में बंद मिले दो विद्यालय, शिक्षकों को भेजा नोटिस


किन्नरपट्टी गांव में संचालित हो रही थी मुहल्ला पाठशालासंवाद न्यूज एजेंसीजटहां बाजार। विशुनपुरा के बीईओ ने शनिवार को क्षेत्र के आठ परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उनके निरीक्षण में संविलियन विद्यालय सोनवल और प्राथमिक विद्यालय मनिकौरा बंद मिला।
इसे गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने शिक्षकों को नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा। इसके अलावा किन्नरपट्टी गांव में शिक्षकों की तरफ से मुहल्ला पाठशाला संचालित होता मिला।शनिवार को विशुनपुरा के बीईओ देवमुनि वर्मा सुबह 09:50 पर प्राथमिक विद्यालय मनिकौरा पहुंचे। यहां विद्यालय बंद मिला। पता चला कि यहां तैनात शिक्षक अदिति गांव में गई हैं। इसके बाद बीईओ 10:05 बजे संविलियन विद्यालय सोनवल पहुंचे। वहां विद्यालय में ताला लटका मिला। यहां कुल सात शिक्षक तैनात हैं। इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय सोनवल पश्चिमी पहुंचे, जहां शिक्षक मुकेश प्रसाद अनुपस्थित थे। इसी तरह उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पड़री पिपरपाती, प्राथमिक विद्यालय बलुआ धूमनगर, प्राथमिक विद्यालय दोपही का निरीक्षण किया। वहां सभी शिक्षक मौजूद मिले। वह प्राथमिक विद्यालय पुर्नहां मिश्र पहुंचे, जहां शिक्षक मनीष यादव और प्रदीप यादव अनुपस्थित थे। किन्नरपट्टी गांव में शिक्षक मुहल्ला पाठशाला संचालित करते मिले। बीईओ ने मुहल्ला पाठशाला संचालित करने वाले शिक्षकों की तारीफ की। बीईओ देवमुनि वर्मा ने बताया कि समय से विद्यालय नहीं खुलना लापरवाही है। अनुपस्थित सभी शिक्षकों को नोटिस भेजकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोमवार से क्षेत्र के सभी परिषदीय विद्यालय समय से खुलने चाहिए।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more