12460 सहायक अध्यापक भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट, 31 अगस्त तक मांगी गई अभ्यर्थियों की मेरिट
प्रयागराज। 12460 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया को लेकर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने संबंधित जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित सिविल अपील संख्या 4131/2024 उमेश चन्द्र व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य सहित संबंधित याचिकाओं में पारित आदेशों के अनुपालन में जारी किया गया है।
परिषद के सचिव द्वारा जारी पत्र दिनांक 21 अगस्त 2026 में संबंधित जिलों से 12460 सहायक अध्यापक भर्ती के पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
31 अगस्त तक भेजनी होगी जानकारी
पत्र के अनुसार, विज्ञापन दिनांक 15 दिसंबर 2016 के आधार पर जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों में से नियम 14(1)(क) के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जानी है। इसके लिए वर्तमान में उपलब्ध रिक्त पदों और अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर वर्गवार/श्रेणीवार सूची तैयार की जाएगी।
तैयार सूची को परिषद कार्यालय की ई-मेल आईडी basiceduparishad@gmail.com पर 31 अगस्त 2026 तक हार्डकॉपी/सॉफ्टकॉपी (एक्सेल सीट) के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में कार्रवाई
परिषद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभ्यर्थियों के जनपद से प्रशिक्षण प्राप्त होने तथा अन्य आवश्यक प्रमाणों का परीक्षण करते हुए पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाए। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रकरण में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा अगस्त माह में सुनवाई निर्धारित है, इसलिए शीघ्रता और व्यक्तिगत ध्यान के साथ कार्रवाई की जाए।
12460 सहायक अध्यापक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए यह निर्देश महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जिलों से मेरिट एवं रिक्त पदों से संबंधित जानकारी संकलित होने के बाद भर्ती प्रक्रिया की अगली कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है। विभिन्न जिलों की सरकारी वेबसाइटों पर भी 12460 सहायक अध्यापक भर्ती से संबंधित चयन/अनंतिम चयन सूचियां पूर्व में प्रकाशित की जा चुकी हैं।

